हल्द्वानी । कुमाऊं विश्वविद्यालय में बीए, बीएससी और बीकाम सहित स्नातक (यूजी) स्तरीय सभी कोर्सों में प्रवेश पंजीकरण प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है।

इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को सत्र 2026-27 में यूजी प्रथम सेमेस्टर में एडमिशन के लिए समर्थ पोर्टल के माध्यम से फार्म भरना होगा। जिसमें डीएसबी परिसर नैनीताल, एमबीपीजी और महिला महाविद्यालय हल्द्वानी सहित संबद्ध अन्य सरकारी और निजी कालेजों के लिए आवेदन कर सकेंगे। 31 मई तक पोर्टल रजिस्ट्रेशन को खुला रहेगा।

50 रुपये पंजीकरण शुल्क
कुवि की समर्थ पोर्टल नोडल अधिकारी डा. उमंग ने बताया कि छात्र-छात्राओं को 50 रुपये पंजीकरण शुल्क का आनलाइन भुगतान करना होगा। समर्थ पोर्टल के लिंक ukadmission.samarth.ac.in के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर पाएंगे। साथ ही एक बार पंजीकरण करने के बाद 10 महाविद्यालयों में अलग-अलग पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन किया जा सकता है।

डा. उमंग ने बताया कि 31 मई पंजीकरण की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद मेरिट निकालने के लिए कालेजों को आवेदन का डेटा प्रदान किया जाएगा। जून पहले सप्ताह में कालेजों के स्तर पर मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।

साथ ही जून में ही परिसर और कालेजों में स्नातक स्तरीय सभी पाठ्यक्रमों में प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया को संपन्न करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जुलाई में नए सत्र की कक्षाओं को प्रारंभ करते हुए पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी।

खुद के मोबाइल नंबर और ईमेल से करें आवेदन
डा. उमंग ने विद्यार्थियों से प्रवेश पंजीकरण के समय फार्म में जानकारी भरते समय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि छात्र-छात्राएं अपने मोबाइल नंबर और ईमेल आइडी से ही पंजीकरण कराएं। नाम, पिता का नाम आदि विवरण में स्पेलिंग की जांच अवश्य कर लें।

एबीसी आइडी होना भी है जरूरी
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) लागू होने के बाद उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों के लिए अकादमिक बैंक आफ क्रेडिट (एबीसी) आइडी बनाना जरूरी है। इसमें छात्र-छात्राओं के अकादमिक रिकार्ड सुरक्षित रहते हैं।

डिजी लाकर या एबीसी पोर्टल abc.gov.in/login.php के माध्यम से आइडी बना सकते हैं। आधार नंबर की मदद से यह अकादमिक आइडी बनती है। साथ ही प्रवेश फार्म भरते समय इसे दर्ज करना भी जरूरी है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *