हल्द्वानी। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण पहाड़ से मैदान तक मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार दोपहर तेज हवाओं ने तांडव दिखाया, तो सोमवार की शुरुआत भी अंधड़ के साथ हुई।
तराई-भाबर क्षेत्र में भोर में करीब तीन बजे से शुरू हुए हवा के तेज झोंकें ने लोगों की नींद उड़ा दी। वहीं, मौसम को देख ऊर्जा निगम ने बिजली आपूर्ति भी ठीक कर दी।
हल्द्वानी क्षेत्र में रविवार तड़के से बिजली प्रभावित है। विद्युत वितरण खंड ग्रामीण के इलाकों में कई जगहों पर लाइनों को नुक़सान हुआ है।
कमलुवागांजा उपकेंद्र के एसडीओ संजय चौहान ने बताया कि मुख्य लाइन में पेड़ गिर गया था, जिसे हटा लिया गया है। लेकिन, अन्य स्थानों पर था फाल्ट है। लाइनों की जांच कर ठीक किया जा रहा है। नगर खंड के गौलापार क्षेत्र में लाइनें प्रभावित हुई हैं।
इधर, बिजली आपूर्ति बाधित होने से हल्द्वानी में पानी को लेकर भी संकट हो गया है। नलकूपों का संचालन नहीं हो पाया है। साथ ही घरों की मोटरें भी ठप हैं। ऐसे लोगों पर दोहरी मार पड़ी है।
साथ सुबह मूसलधार वर्षा होने से जगह-जगह जलभराव की स्थितियां भी उत्पन्न हो गई हैं। बौछारें की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को पहाड़ से मैदान तक वर्षा की संभावना जताई है।
बारिश से जनजीवन प्रभावित
अल्मोड़ा। तड़के करीब 3 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते जहां लोगों की दिनचर्या बाधित हुई, वहीं कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पिथौरागढ़ में रात से ही मूसला धार वर्षा
पिथौरागढ़ में रात से ही तेज वर्षा हो रही है| बादलों की गर्जना से मौसम डरावना बना हुआ है| तापमान में गिरावट से जन जीवन भी प्रभावित हो चुका है| न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है।
चंपावत में तेज आंधी के बाद अब बारिश हो रही है। तापमान 13 डिग्री सेल्सियस है। न्यूनतम 11 और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
रानीखेत में तेज हवा के साथ वर्षा, बत्ती गुल
पर्वतीय क्षेत्रों में सोमवार की सुबह से ही कहीं रिमझिम तो कुछ हिस्सों में ठीकठाक वर्षा हो रही है। रानीखेत व आसपास बीते एक घंटे से वर्षा जारी है। अंधड से फिलहाल राहत है। जंगल से गुजरने वाली मुख्य लाइन पर पेड की टहनियां गिरने के कारण बिजली आपूर्ति भंग है।
