यमकेश्वर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गुरुवार को अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंच सकते हैं। यहां सीएम योगी के नव निर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने की संभावना है।
हालांकि, सीएम योगी के दौरे को लेकर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी कुछ भी खुलकर बोलने से बच रहे हैं। लेकिन सीएम योगी के आने की संभावना के चलते पुलिस व प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।
हरि विष्णु पंचदेव मंदिर की स्थापना
दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ के गांव पंचूर में हरि विष्णु पंचदेव मंदिर की स्थापना की गई है। मंदिर परिसर में चार से आठ मई तक प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम चल रहा है। इस समारोह में का कल शुक्रवार को समापन होगा।
संभावना है कि आज शाम उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पैतृक गांव पंचूर पहुंच सकते हैं।
बता दें कि योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव पंचूर उत्तराखंड के पौड़ी जिले के यमकेश्वर क्षेत्र में स्थित है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके गांव और क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक बढ़ी है।
