प्रदेश में बारिश के बाद सड़कों पर जगह-जगह पत्थर गिरने व मलबा आने से 100 सड़के बंद हैं। इसमें अधिकतर सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक देहरादून में 10 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। बंद रास्तों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
अल्मोड़ा में पांच, रुद्रप्रयाग में चार, चमोली में 12, पिथौरागढ़ में 14 सड़कें बंद हैं। नैनीताल में हल्द्वानी-भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामगढ़ पुल के पास मार्ग धसने से भारी वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। इस जिले में दो ग्रामीण सड़कें भी बंद हैं। उत्तरकाशी में ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी के पास बंद हैं। इस जिले में 10 ग्रामीण मार्ग भी मलबा आने से बंद हैं। इसके अलावा टिहरी जिले के नौ ग्रामीण मार्गों पर भी जगह-जगह मलबा आ गया है। जिससे मार्ग बंद हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी बिजली चमकने के साथ तेज दौर की बारिश होने का अनुमान है। देहरादून में 13 जुलाई को दिन का अधिकतम तापमान 34 और रात का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने के आसार हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो 18 जुलाई तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने की संभावना है।
