हल्द्वानी। अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण क्षेत्र स्थित श्रीकोट माडाली की 12 नाली जमीन और गैबुआ स्थित आठ काटेज के सौदे में 1.56 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने सात नामजद समेत अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरेली रोड स्थित अलकनंदा कालोनी निवासी जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मित्र कैलाश सती ने अपनी पार्टनर सुभ्रा गुप्ता समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर 31 जनवरी 2026 को श्रीकोट माडाली की 12 नाली जमीन का 90 लाख रुपये में सौदा कराया। इसी दौरान गैबुआ स्थित आठ काटेज का भी मौखिक सौदा हुआ।
रकम लेने के बाद रजिस्ट्री टालते रहे आरोपित
दोनों संपत्तियों का कुल सौदा दो करोड़ रुपये में तय हुआ था। शिकायत के अनुसार, उन्होंने 46 लाख रुपये बैंक के माध्यम से और 1.10 करोड़ रुपये नकद देकर कुल 1.56 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया। शेष 44 लाख रुपये रजिस्ट्री के समय देने की बात तय हुई थी। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपित लगातार रजिस्ट्री टालते रहे।
पीड़ित का आरोप है कि 28 अप्रैल 2026 को आरोपितों ने साफ कह दिया कि वे न तो रजिस्ट्री कराएंगे और न ही पैसा लौटाएंगे। विरोध करने पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 7 जून 2026 को पैसा लौटाने को लेकर लिखित राजीनामा हुआ था, लेकिन उसका भी पालन नहीं किया गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर कैलाश सती, सुभ्रा गुप्ता, रेखा सती, गौरव सती, स्वाती, रवि कुमार, नंदन सिंह बोरा समेत अन्य के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपितों के विरुद्ध पहले से भी जमीन संबंधी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
