
उत्तराखंड वन विभाग में हॉफ की कुर्सी को लेकर बुधवार को तस्वीर साफ हो सकती है। इस मामले में सरकार कोई बीच का रास्ता निकाल सकती है। सूत्रों की मानें तो ऐसा फामूर्ला तैयार किया जा रहा है, जिससे दोनों ही पीसीसीएफ हॉफ के पद से रिटायर हो जाएं, लेकिन यह तभी संभव है, जब इस मामले में दोनों की सहमति हो। बताया जा रहा है कि इसको लेकर कवायद शुरू हो चुकी है।
सोमवार को राजीव भरतरी ने प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) के तौर पर सामान्य कामकाज निपटाया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद माना जा रहा था कि शासन से निर्देश मिलने के बाद मंगलवार को विनोद कुमार सिंघल पुन: हॉफ की कुर्सी संभालेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब इस मामले में सबकी निगाहें शासन के रुख पर लगी हुई हैं। उत्तराखंड वन विभाग में हाईकोर्ट के आदेश पर पीसीसीएफ की कुर्सी से हटे विनोद कुमार सिंघल को एक दिन पहले ही सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली थी। सुप्रीम कोर्ट ने नैनीताल हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगा दी थी।
