ऋषिकेश: उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध चारधामों की तीर्थ यात्रा की प्रतिक्षा समाप्त हो गई है। 22 अप्रैल को खुल रहे गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट के लिए आज चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार तीर्थनगरी ऋषिकेश से तीर्थयात्रियों का पहला जत्था रवाना होगा। यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

चारधाम यात्रा उत्तराखंड की महत्वपूर्ण यात्रा है। चारधाम यात्रा में देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धामों के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। इस वर्ष 22 अप्रैल को अक्षय तृतीय पर्व पर गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुल रहे हैं। जबकि तीन दिन बाद 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम व 27 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुल जाएंगे।

ऋषिकेश से तीर्थयात्रियों का पहला जत्था रवाना होगा
चारधाम यात्रा के लिए आज तीर्थनगरी ऋषिकेश से तीर्थयात्रियों का पहला जत्था रवाना होगा। यात्रा का श्रीगणेश करने के लिए सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऋषिकेश पहुंचेंगे। चारधाम यात्रा का संचालन करने वाली प्रमुख संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की ओर से यात्रा के शुभारंभ पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।

संयुक्त रोटेशन के अध्यक्ष संजय शास्त्री व कार्यकारी अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने बताया कि शुक्रवार को हंस फाउंडेशन के संस्थापक भोले महाराज व मंगला माता की उपस्थिति में प्रात: साढ़े नौ बजे चारधाम यात्रा का आरंभ किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवल, सुबोध उनियाल, परिवहन मंत्री चंदन रामदास व महापौर अनीता ममगाईं भी उपस्थित रहेंगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *