डोईवाला: लच्छीवाला टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों की गुंडई थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार रात्रि भारतीय किसान यूनियन से जुड़े दो किसानों के साथ ही एक बुजुर्ग की टोल कर्मियों ने जमकर पिटाई कर दी। जिससे कि उनके शरीर पर कई चोटें आई हैं। इस मामले में रेसकोर्स देहरादून निवासी पीड़ित की ओर से मेडिकल कराने के पश्चात कोतवाली में टोल प्लाजा के दो नामजद कर्मियों समेत 20-25 कर्मियों के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी गई है।

वहीं इससे पूर्व बुधवार देर रात्रि स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से भी टोल वसूलते हुए दुर्व्यवहार किया गया। जिससे नाराज भाजपा कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह अपना रोष जताने के लिए टोल प्लाजा पहुंचे। आरोप है कि टोल प्लाजा कर्मियों ने अपनी गलती मानने की बजाय भाजपा कार्यकर्ताओं पर ही हमला कर दिया। जिसके बाद जमकर विवाद हुआ और मामला कोतवाली पहुंच गया।

दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। जिस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। बुधवार की रात भी भाजपा कार्यकर्ता पंकज शर्मा, सोनू गोयल, अंकुर अग्रवाल, सुशील जायसवाल एक विवाह समारोह से देहरादून से वापस आ रहे थे। आरोप है कि टोल प्लाजा कर्मियों ने फ्री टोल पास दिखाने के बाद भी टोल शुल्क मांगा। जिसे देने से इन्कार करने पर पीट दिया।

देहरादून जा रहे किसानों से भी अतिरिक्त शुल्क मांगा गया। जिसका विरोध करने पर टोल प्लाजा कर्मियों ने पीटा। वहीं मामले में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विशाल क्षेत्री का कहना है कि स्थानीय निवासियों के लिए टोल मुफ्त है। जिसके लिए पास बनाए गए है। परंतु टोल प्लाजा कर्मियों की ओर से रात्रि को लोग को जबरन परेशान किया जाता है।

बुधवार को टोल प्लाजा कर्मियों की ओर से भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट करते हुए मुख्यमंत्री समेत राज्य के लिए अपशब्द भी कहे गए। इसकी मोर्चा निंदा करता है। मंडल अध्यक्ष नरेंद्र नेगी ने कहा कि यदि टोल कर्मियों ने अपने व्यवहार में सुधार नहीं किया तो एक बड़ा आंदोलन इनके विरुद्ध किया जाएगा। मौके पर विनय कंडवाल, नितिन कोठारी, मनोज कांबोज, प्रदीप नेगी, संदीप नेगी, हिमांशु राणा, मनीष नैथानी, अंकुर अग्रवाल, पंकज शर्मा, सोनू गोयल, सुबोध नौटियाल आदि कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *