विदेशों में नर्स की नौकरी के लिए 22 युवाओं ने आवेदन किया है, जिनका प्रशिक्षण सरकार तीन जुलाई से शुरू करने जा रही है। वहीं, आयुष नर्सों को भी यह मौका मिलेगा। इसके लिए भारतीय चिकित्सा परिषद ने सभी आयुष नर्सिंग कॉलेजों से इच्छुक युवाओं की जानकारी मांगी है।
दरअसल, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री कौशल उन्नयल एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत विदेश में रोजगार मुहैया कराने के लिए अपुणी सरकार और सेवायोजन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन मांगे थे। सचिव विजय कुमार यादव ने बताया, 22 युवाओं ने आवेदन किया है, जिनका आठ माह का प्रशिक्षण कोर्स तीन जुलाई से शुरू होने जा रहा है।
इसके लिए विभाग ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक देहरादून बुला लिए हैं। वहीं, आयुष नर्सों के लिए भी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। भारतीय चिकित्सा परिषद की रजिस्ट्रार नर्वदा गुसाईं ने सभी मान्यता प्राप्त संस्थानों से जानकारी मांगी है। बताया गया कि जो आयुष नर्स 27 से 30 वर्ष आयु के बीच की हों और विदेश में नर्स की प्रैक्टिस के लिए इच्छुक हों, उनकी जानकारी परिषद को मुहैया कराई जाए।
इसमें उनका नाम, पिता का नाम, पत्राचार का पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी व आयु की जानकारी देनी होगी। इन सभी का भी अलग से आठ माह का प्रशिक्षण कोर्स कराया जाएगा, जिसमें उन्हें उस देश की भाषा व तौरतरीकों की जानकारी दी जाएगी।
