ऋषिकेश। नगर व आसपास क्षेत्र में बुधवार की सुबह से लगातार हो रही वर्षा ने आमजन की परेशानी फिर बढ़ा दी है। कई जगह जल भराव से लोग प्रभावित हुए हैं। जनपद टिहरी गढ़वाल के ढालवाला औद्योगिक क्षेत्र में जंगल से आने वाला पानी आबादी में स्थित कारखाने में घुस गया। कई फैक्ट्रियों में उत्पादन प्रभावित हुआ है। यह क्षेत्र हालांकि ऊंचाई में स्थित है, यहां स्थिति यह है कि भूमिगत जल स्तर सतह तक पहुंच गया है। यहां लगे हैंडपंप और बोरवेल से स्वंय पानी निकल रहा है। कारखाना स्वामी और मजदूर अपने स्तर पर पानी निकालने में जुटे हैं। आबादी क्षेत्र में भी जल भराव से काफी नुकसान हुआ है।