हरिद्वार: ज्वालापुर में तीर्थ पुरोहित परिवार की बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में जेल में बंद उसकी पोती के प्रेमी के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें युवती की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के नाबालिग रहने के दौरान अनुराग ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए मानसिक, शारीरिक व आर्थिक शोषण किया।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ज्वालापुर के मोहल्ला चाकलान में पिछले महीने 14 मई को तीर्थ पुरोहित परिवार की बुजुर्ग महिला अर्चना देवी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी।

पुलिस ने महिला की पोती व उसकी सहेली के दोस्त को गिरफ्तार कर तीसरे दिन हत्याकांड का पर्दाफाश किया था। जिसमें बताया गया था कि युवती काफी समय से अपने घर से पैसे चोरी कर अपने प्रेमी अनुराग को देती आ रही थी।

अश्लील वीडियो से किया ब्लैकमेल
शक होने पर दादी रोकटोक करती थी। इससे परेशान होकर युवती ने अपनी सहेली के प्रेमी उदित झा निवासी ज्वालापुर को उसकी प्रेमिका के साथ बनाई गई अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करते हुए दादी की हत्या कराई थी। बाद में कनखल निवासी किशोरी के पिता ने उदित झा के खिलाफ सिडकुल थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।

अब इस मामले में एक और मोड़ आ गया। जेल में बंद युवती की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पहले वह जेल में बेटी से मिलने गई थी। तब उसने बताया कि पांच जून 2019 को उसकी मुलाकात अनुराग निवासी ए-1 न्यू सुभाष नगर ज्वालापुर से हुई थी। उस समय उम्र 13 वर्ष थी।

आरोप लगाया कि एक साल बाद अनुराग उसके जन्मदिन पर बहला फुसलाकर अपने दोस्त के घर न्यू सुभाषनगर ले गया। जहां उसने शारीरिक संबंध बनाए और धोखे से अपने मोबाइल पर अश्लील फोटो ले ली। इसके बाद ब्लैकमेल करते हुए अलग-अलग होटलों में ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया।

आखिरी बार मार्च 2024 को दुष्कर्म कर रुपये मांगे। मना करने पर वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी और उसी दौरान मोबाइल का कोड भी ले लिया। आरोप लगाया कि ब्लैकमेलिंग से डरकर वह शोषण सह रही थी। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी रमेश तनवार ने बताया कि आरोपित अनुराग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *