नैनीताल। शहर की प्रसिद्ध झील में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने नाविकों की मदद से शव झील से निकाल लिया है। शव की शिनाख्त कमलुवागांजा रोड, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी निवासी 36 वर्षीय सौरभ भट्ट पुत्र सुरेश भट्ट के रूप में हुई है। पुलिस की सूचना पर स्वजन पहुंच गए हैं। पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है।

शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे तल्लीताल में झील नियंत्रण कक्ष के समीप लोगों को शव दिखाई दिया तो उन्होंने पास में ही पुलिस बूथ पर सूचना दी। जिस पर एसआई भावना बिष्ट, कांस्टेबल अमित गहलोत मौके पर पहुंचे और झील से शव निकाला।

इस दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार युवक की आयु करीब 40 साल है। उसके हाथ में घड़ी बीती रात करीब दस बजे बंद हुई है। एसओ रमेश बोहरा के अनुसार शव की शिनाख्त के लिए पुलिस कर्मियों को लगाया गया तो कलेक्ट्रेट रोड में फांसी गधेरा के पास युवक का बैग मिल गया, जिसमें मोबाइल सहित अन्य सामान था। जिसके आधार पर युवक की शिनाख्त की गई।

एसओ के अनुसार युवक अविवाहित है, स्वजनों ने बताया है कि उसे मिर्गी के दौरे पड़ते थे, गुरुवार सुबह से वह घर से गायब था, उसकी तलाश की जा रही थी। वह रानीबाग क्षेत्र में वन विभाग की नर्सरी में अस्थाई रूप से कार्यरत था।

प्रथम दृष्टया उसके आत्महत्या करने का शक है, मौत के कारणों की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि अभी सात सितंबर को ही झील में हल्द्वानी महिला डिग्री कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो डीएन पंत का शव बरामद किया था।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *