देहरादून: उत्तराखंड में सर्दी का सितम चरम पर है। पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया है। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में भी पारे में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। पाले और घने कोहरे के कारण भी जनजीवन प्रभावित है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रह सकता है। प्रदेश में आज पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने से लेकर चोटियों पर हिमपात के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे और कहीं-कहीं शीत दिवस की स्थिति को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की वर्षा-बर्फबारी हो सकती है। देहरादून में आंशिक बादल छाये रहने, मैदानी क्षेत्रों में मध्यम से घना कोहरा छाने के आसार हैं। पहाड़ों में पाले को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। रात में सफर करने से बचने की सलाह दी गई है।
