अल्मोड़ा। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय बजट को 2047 के विकसित भारत के सपने को साकार करने वाला बताया। कहा बजट से पहाड़ी राज्यों में पर्यटन विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट के अनुसार राज्य के आगामी बजट का रोड मैप तैयार होगा। प्रदेश को मेडिकल टूरिज्म, मैरिज डेस्टिनेशन, ट्रेकिंग, धार्मिक पर्यटन को विकसित किया जाएगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर जिले में महिला हाट खोले जाएंगे।
नगर निगम सभागार में पत्रकार वार्ता में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय बजट के बारे में तो विस्तार से बताया लेकिन राज्य को क्या मिला प्रश्न पर गोलमोल जवाब दे गए।
उन्होंने कहा कि राज्य का बजट भी आने वाला है, केंद्रीय बजट के अनुरूप बजट तैयार किया जाएगा। जिसमें राज्य के विकास का सारा रोडमैप दिखाई देगा। केंद्रीय बजट से पर्यटन क्षेत्र का विकास होगा।
शिक्षा, स्वास्थ्य की समस्याएं दूर होंगी। रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। बागेश्वर-टनकपुर रेल मार्ग को लेकर तेजी से कार्य होगा। 500 नए अमृत सरोवर तैयार किए जाएंगे।
कृषि मंत्री जोशी ने कृषि के घटते रकबे के बाद भी उत्पादकता बढ़ने की बात कही। लेकिन जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान और खेती बचाने की ठोस योजना के बारे में नहीं बताया।
उन्होंने मिलेट्स, कीवी, ड्रैगन फ्रूट आदि को बढ़ावा देने की बात कही। इन फसलों को बंदर, सुअर नुकसान नहीं पहुचाता। आने वाले समय मे राज्य कीवी प्रदेश के रूप में उभरेगा।
कृषि मंत्री ने पालीहाउस मामले में हो रही गड़बड़ी के बारे में कहा कि पूर्व में निदेशक बवेजा को हटा दिया गया है। लगातार कार्रवाई की जा रही है। जल्द पात्र काश्तकारों को पालीहाउस आवंटित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मालियों की तैनाती पर भी विचार किया जा रहा है।
जी राम जी मजदूरों को मिलेगा टाप अप
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जीराम जी योजना का बजट बढ़ाया गया है। कार्य दिवस भी बढ़ा दिए हैं। जहां तक कम मजदूरी का सवाल है तो राज्य सरकार मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने के लिए टाप अप देने पर विचार कर रही है।
बंजर जमीन पर क्लस्टर आधारित होगी खेती
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि बंजर जमीनों का डाटा इकट्ठा किया जा रहा है। जल्द ही ऐसी जमीनों पर क्लस्टर आधारित खेती कराई जाएगी।
