देहरादून। 25वां ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर 8 से 12 अप्रैल तक टिहरी झील स्थित वाटर स्पोर्ट्स एडवेंचर इंस्टीट्यूट (डब्ल्यूएसएआई), कोटी में आयोजित किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को मिली है।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आईजी मनु महाराज ने बताया कि यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता पहली बार उत्तराखंड में आयोजित हो रही है।

उन्होंने बताया कि यह आयोजन ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में हो रहा है, जिसमें देशभर की 19 टीमों के करीब 500 खिलाड़ी भाग लेंगे। इन टीमों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के साथ विभिन्न राज्यों की पुलिस इकाइयां शामिल हैं।

प्रतियोगिता के दौरान कुल एक हजार से अधिक प्रतिभागी, जिनमें अधिकारी, तकनीकी स्टाफ और अन्य गणमान्य शामिल होंगे, मौजूद रहेंगे।

आईजी मनु महाराज के अनुसार प्रतियोगिता में कुल 52 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें कैनोइंग और कयाकिंग की 18-18 तथा रोइंग की 16 प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

कैनोइंग और कयाकिंग में 200, 500 और 1000 मीटर की दौड़ें होंगी, जबकि रोइंग में 500 और 2000 मीटर की स्पर्धाएं कराई जाएंगी। सभी प्रतियोगिताएं पुरुष और महिला वर्ग में आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि मणिपुर से सीमित संसाधनों के बावजूद दो खिलाड़ियों की टीम का आना खेल के प्रति उत्साह को दर्शाता है।

कार्यक्रम के अनुसार 6 अप्रैल से टीमों का आगमन शुरू हो चुका है। 7 अप्रैल को उद्घाटन समारोह की रिहर्सल होगी, जबकि 8 अप्रैल को भव्य उद्घाटन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे।

9 अप्रैल को पदक वितरण समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा की उपस्थिति रहेगी, जबकि 12 अप्रैल को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। जिसमें बल के महानिदेशक मौजूद रहेंगे

।आईजी ने बताया कि टिहरी झील जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर इस आयोजन से राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और स्थानीय स्तर पर पर्यटन व व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए सुरक्षा, आवास, भोजन और परिवहन की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *