देहरादून। मुस्लिम सेवा संगठन ने चकराता रोड स्थित ईदगाह में नमाज अदा करने के बाद राज्य और केंद्र सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने और इस मुद्दे पर राजनीति बंद करने की मांग उठाई। हाथों में तख्ती लेकर संगठन के पदाधिकारी सरकार गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग करने लगे।

संगठन के उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी ने कहा कि देश में गाय को लेकर लगातार राजनीति की जाती है और मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया जाता है, जबकि संगठन लंबे समय से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग करता आ रहा है।

गाय भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बहुसंख्यक समाज के समर्थन से सत्ता में आने की बात करती है, ऐसे में यदि गाय वास्तव में आस्था और सम्मान का विषय है तो गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित क्यों नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि केवल चुनाव और राजनीतिक लाभ के लिए गाय के मुद्दे को उठाना उचित नहीं है।

सरकार को इस विषय पर स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए। आकिब कुरैशी ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके संरक्षण को राजनीति से ऊपर उठाकर देखा जाना चाहिए।

संगठन ने कहा कि समाज में भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने के लिए धार्मिक मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल बंद होना चाहिए। इस मौके पर संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *