ऋषिकेश। टिहरी जिले के अंतर्गत भद्रकाली चेक पोस्ट पर परिवहन विभाग ने चेकिंग के दौरान एक यात्रा बस में ओवरलोडिंग में पकड़ा है। बस के भीतर का दृश्य देख परिवहन विभाग के अधिकारी व कर्मी भी हैरान रह गए। सीटों के अलावा सभी स्थानों पर यात्री ठूंस-ठूंस कर बैठे हुए थे।

कई खड़ा होने की जगह तक नहीं थी। हरियाणा से टिहरी जिले तक बस के पहुंचने पर भी जिम्मेदारों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, मोटी कमाई के लालच में परिवहन कारोबारी यात्रियों की जान से खिलवाड़ करने भी पीछे नहीं हट रहे हैं। यह स्थिति किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे रही है।

बस में ओवरलोडिंग उजागर
चेकिंग के दौरान बस में ओवरलोडिंग उजागर होने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब प्रसारित हो रहा है। बस के भीतर सीटों के नीचे व गियर बाक्स समेत अन्य जगहों पर यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया गया है। यह दृश्य देख लोग कह रहे हैं कि यात्रियों को जानवरों की तरह ठूंसा गया है।

कई लोग हरियाणा से चली बस टिहरी जिले के भद्रकाली चेक पोस्ट तक पहुंचने के दौरान चेकिंग व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होते नजर आए।

वहीं, पर्वतीय रूटों पर सड़क हादसे की अनेक घटनाएं सामने आने के बाद भी चारधाम यात्रा के लिए संचालित यात्री बस व अन्य वाहनों की चेकिंग में बरती जा रही उदासीनता को लेकर पुलिस व परिवहन विभाग की आलोचना होती नजर आई। साथ ही यात्रियों को भी अपनी सुरक्षा को महत्व देते हुए किसी भी वाहन में ओवरलोडिंग न करने की नसीहत दी गई।

इधर, चेकिंग के दौरान एआरटीओ ऋषिकेश प्रवर्तन विभाग ने बस को सीज कर दिया है। एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने कहा कि टिहरी जिले के भद्रकाली, ब्रह्मपुरी व सत्य नारायण मंदिर के समीप चेक पोस्ट पर 24 घंटे यात्रा वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।

ग्रीन कार्ड, वाहन फिटनेस, लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेजों की जांच के अलावा ओवरलोडिंग व अन्य नियमों के पालन की स्थिति को भी जांचा जाता है। कोई भी अनदेखी पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *