रामनगर और देहरादून के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी की लंबे समय से चली आ रही मांग जल्द पूरी होने जा रही है। सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि 18 जुलाई से रामनगर से देहरादून के लिए सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने इसे क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।
सांसद बलूनी ने कहा कि कॉर्बेट सिटी के रूप में पहचान रखने वाले रामनगर के लोगों को देहरादून आने-जाने के लिए अब अधिक सुविधा मिलेगी। इससे स्थानीय लोगों को सरकारी और निजी कार्यों के लिए देहरादून पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी कॉर्बेट नेशनल पार्क तक पहुंचने में सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में इस ट्रेन का संचालन प्रयोग के तौर पर सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया के आधार पर रेलवे बाद में इसका संचालन सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ा सकता है।
सांसद ने रामनगर क्षेत्र के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र को लगातार सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। इससे पहले धनगढ़ी पुल भी आम जनता के आवागमन के लिए समर्पित किया जा चुका है।
