देहरादून: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पर्यावरणविद् डा. शेखर पाठक, प्रोफेसर बीएस बुटोला और प्रो. प्रकाश उपाध्याय से मुलाकात कर जोशीमठ आपदा पर चर्चा की।

उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा से भी इस मसले पर बात की और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपदाग्रस्त क्षेत्र में प्रभावितों की हरसंभव सहायता करें।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने जोशीमठ में भू-धंसाव के कारण आई आपदा पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि प्रभावितों का तत्काल पुनर्वास सुनिश्चित करने के साथ ही इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल जोशीमठ नगर को बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि जोशीमठ की वर्तमान स्थिति की तस्वीरें काफी भयभीत करने वाली हैं। जोशी ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे भू वैज्ञानियों एवं पर्यावरणविदों ने भी जोशीमठ आपदा मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें जानमाल एवं पर्यावरण की रक्षा के लिए सुझाव देते हुए कहा कि जोशीमठ क्षेत्र में बड़े निर्माण कार्य एवं सुरंग खोदने का काम तुरंत बंद होना चाहिए।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *