ऋषिकेश: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार क्रिकेटर और पूर्व कप्तान विराट कोहली, पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा आज बुधवार को ऋषिकेश से विदा लेंगे।
वहीं उनके देहरादून पहुंचने की सूचना है। बता दें कि देहरादून में अभिनेत्री अनुष्का शर्मा का नलिहाल है। इसलिए यह संभावना जताई जा रही है कि विराट और अनुष्का बेटी के साथ देहरादून आ सकते हैं।
दोपहर में विराट और अनुष्का के रवाना होने की संभावना
वहीं बुधवार को स्वामी दयानंद सरस्वती आश्रम का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। दोपहर में विराट और अनुष्का के यहां से रवाना होने की संभावना है। इससे पहले विराट कोहली, पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने मंगलवार का दिन गंगा और संतों के सानिध्य में बिताया।
उन्होंने मुंबई निवासी मित्र रहेजा डेवलपर्स परिवार की ओर से संतों के लिए आयोजित भंडारे में भी शिरकत की। विराट दंपती ने संतों का आशीर्वाद लिया। शाम को विराट आश्रम परिसर में बेटी वामिका के साथ खेलते नजर आए।
