मसूरी। मसूरी से देहरादून आ रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस के ब्रेक फेल हो गए, लेकिन चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पहाड़ी से टकरा दिया। जिससे बस में सवार 40 यात्रियों की जान बच गई। बुधवार शाम करीब चार बजे मसूरी के लाइब्रेरी बस स्टैंड से देहरादून के लिए रवाना हुई उत्तराखंड परिवहन निगम की बस करीब 400 मीटर आगे ही पहुंची थी कि उसके ब्रेक फेल हो गए।

चालक धीरज मुनि शाह ने सूझबूझ से बस को पदमिनी निवास होटल जाने वाले संपर्क मार्ग पर चढ़ाकर पहाड़ी से टकरा दिया। जिससे बस रुक गई और सभी सवारियों की जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दिनों पर्यटन सीजन है। जिस कारण हाईवे पर काफी दवाब है। अगर बस पहाड़ी से न टकराती तो हाईवे पर चल रहे कई वाहन बस की चपेट में आ सकते थे। वहीं, बस अगर रोड के बाहर पलटती तो जानमाल का नुकसान हो सकता था।

चालक धीरज मुनि शाह ने बताया कि बस का ब्रेक प्रेशर लीक हो रहा था। उन्होंने जैसे ही ब्रेक लगाए तो पैडल नीचे बैठ गया। इस पर उन्होंने बस संपर्क मार्ग पर चढ़ाकर पहाड़ी से टकरा दी। सभी सवारियां सुरक्षित हैं। उन्हें दूसरी बस से देहरादून भेजा गया। बस में सवार लुधियाना (पंजाब) के पर्यटक विक्की ने बताया कि अगर चालक बस को पहाड़ी से न टकराता तो शायद ही कोई बच पाता।

भीड़ अधिक होने पर भेज रहे खटारा बसें
दून-मसूरी मार्ग पर पर्वतीय डिपो की बसें संचालित होती हैं। पर्वतीय डिपो (मसूरी डिपो) में निगम की कुल 87 बसें हैं। इनमें सात बसें लंबी दूरी के मैदानी मार्गों की हैं। डिपो में 80 बसें पर्वतीय मार्गों की हैं। पर्वतीय डिपो की रोजाना 30 बसें मसूरी मार्ग पर संचालित होती हैं। इनमें 25 बसें केवल दून-मसूरी जबकि शेष बसें मसूरी होकर दूसरे पर्वतीय स्थलों तक जाती हैं। पर्यटन सीजन होने के कारण इन दिनों काफी भीड़ है, लिहाजा निगम प्रबंधन कार्यशाला में ऑफ रोड खड़ी बसों को भी मसूरी भेज दे रहा।

ब्रेक खराब होने के बावजूद मसूरी भेज दी बस
बुधवार को मसूरी में दुर्घटना का शिकार हुई पर्वतीय डिपो की बस में चालक ने बस के ब्रेक का प्रेशर लीक होने की शिकायत की थी। इसके बावजूद इसे बुधवार को मसूरी के लिए भेज दिया गया। बताया गया कि कार्यालय से बाहर निकलने पर भी बस के ब्रेक कम लग रहे थे। मसूरी में लौटते हुए ढलान पर बस के ब्रेक का प्रेशर फिर लीक हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान चालक ने समझदारी दिखाकर यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया।

जांच है जारी
उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन ने कहा कि मसूरी में बस के ब्रेक होने के कारणों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। ब्रेक की खराबी थी या फिर कोई दूसरा कारण, यह जांच के बाद ही सामने आ पाएगा। निगम कार्यालय से जांच के बाद ही बसें मार्ग पर भेजी जाती हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *