बर्फबारी के बाद औली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, खासकर सूरज ढलने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है। ठंड के प्रकोप का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि औली में बनायी गई कृत्रिम झील जम गई है। चारों तरफ बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है।
बर्फबारी के बाद औली के नजारे पूरी तरह से बदल गए हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद यहां पर पर्यटकों की आमद लगातार बनी हुई है। पर्यटक औली में स्कीइंग का भी आनंद ले रहे हैं। वहीं औली में बनी कृत्रिम झील के ऊपर बर्फ की मोटी परत जम गई है। झील के चारों तरफ भी बर्फ जमी हुई है।
बर्फ का लुत्फ उठाने के लिए देश के कोने-कोने से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। मौसम के बदले मिजाज से औली में पर्यटन कारोबार ने भी अब गति पकड़ ली है। पहले तक जिन होटलों में बुकिंग कैंसिल हो रही थी अब दोबारा बुकिंग आनी शुरू हो गई हैं।
कुछ दिन पहले तक बर्फविहीन औली देखकर पर्यटक से लेकर स्थानीय कारोबारी निराश थे लेकिन जैसे ही मौसम ने करवट बदली और बर्फबारी हुई तो औली में रौनक लौट आई। अब यहां आने वाले पर्यटक खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं और शानदार यादें लेकर लौट रहे हैं।
