ऋषिकेश: ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर मालाखूंटी के समीप रविवार की सुबह गंगा में मैक्स वाहन समा गया। हादसे के बाद तीन यात्री लापता थे। सोमवार की सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर गंगा में लापता यात्रियों की तलाश शुरू कर दी।

बता दें ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पररविवार की अलसुबह सोनप्रयाग (केदारनाथ) से ऋषिकेश आ रहा एक मैक्स वाहन ऋषिकेश से करीब 25 किलोमीटर आगे मालाकुंठी के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर कर गंगा में समा गया। घटना तब हुई जब पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर नीचे गिरा और वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया। जिसके बाद वाहन खाई में गिर गया।

तीन यात्रियों की हादसे में मौत
खाई से पांच यात्रियों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। तीन यात्रियों की इस हादसे में मौत हो गई, जिनके शव गंगा से बरामद कर लिए गए, तीन यात्री लापता हैं। यात्रा के दौरान रात्रि में यात्रा पर रोक के बावजूद सभी लोग केदारनाथ यात्रा से वापस लौट रहे थे। सभी यात्री अलग-अलग प्रांत के रहने वाले हैं। रविवार की अल सुबह करीब तीन बजे चौकी व्यासी,थाना मुनिकीरेती पर सूचना मिली कि एक मैक्स वाहन उत्तराखंड नंबर की जो सोनप्रयाग से ऋषिकेश आ रहा था, गहरी खाई में गिरने के बाद गंगा में समा गया।

इस वाहन में चालक सहित 11 व्यक्ति सवार थे। ऋषिकेश से करीब 25 किलोमीटर आगे श्रीनगर की ओर मालाकुंठी पुल से होटल आनंद काशी के बीच मुख्य मार्ग पर यह दुर्घटना हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती रितेश शाह के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मदद के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। खाई से रेस्क्यू कर पांच यात्रियों को निकाला गया।

घायलों में कल्याणी (25 वर्ष) पत्नी रवि राय निवासी गांव बोदम, राजम, मंडलम, विजय नगर, हैदराबाद आंध्र प्रदेश, रोशन (25 वर्ष) पुत्र सुबोध सिंह निवासी नालंदा, माधोपुर, बिहार, आकाश (22 वर्ष) पुत्र केहर सिंह गांव बुरुरी, जिला होशियारपुर, पंजाब, प्रदीप (23 वर्ष) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव बुरुरी, जिला होशियारपुर, पंजाब, विजेंद्र सिंह (40वर्ष) पुत्र जगदीश पांडे निवासी जैदपुर, रबाडा कालोनी, बदरपुर, दिल्ली को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश लाया गया। जहां से प्रदीप और आकाश को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अन्य तीन लोग को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। जहां इनकी हालत स्थिर है।

तीन यात्रियों के शव बरामद
थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त मैक्स के चालक अंकित सिंह राणा पुत्र मंगल सिंह राणा निवासी ग्राम बड़ासु फाटा उखीमठ रुद्रप्रयाग सहित अन्य छह लोग की तलाश के लिए एसडीआरएफ और उसके गोताखोर को मौके पर बुलाया गया। मूसलधार वर्षा के बीच काफी मशक्कत के बाद गंगा से तीन यात्रियों के शव बरामद कर लिए गए। जिनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। बचाए गए यात्रियों से पूछताछ के बाद लापता लोग के बारे में जानकारी मिली कि वाहन में सवार सभी लोग अलग-अलग राज्य से संबंधित हैं।

लापता यात्रियों में अभिजीत त्यागी, निवासी भोजपुर भजन गढ़ दिल्ली, अक्षय पुत्र मनोज सिंह निवासी डुमरी बड़बीघा, शेखपुरा बिहार, अतुल पुत्र विनोद शिवपुरी बड़बीघा शेखपुरा बिहार, सौरभ कुमार डूंगरी बड़बीघा शेखपुरा बिहार, रवि राय (40 वर्ष) पुत्र कुमुमा राय, गांव बोदम,राजम,मंडलम, विजयनगर हैदराबाद आंध्र प्रदेश और चालक अंकित सिंह राणा पुत्र मंगल सिंह राणा निवासी ग्राम बड़ासु फाटा उखीमठ रुद्रप्रयाग शामिल हैं। इनमें तीन यात्रियों के शव बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार रेस्क्यू किए गए यात्रियों ने बताया शनिवार की रात आठ बजे सभी लोग सोनप्रयाग (केदारनाथ) से एक मैक्स वाहन में बैठे थे। रविवार की अलसुबह मालाकुंठी पुल से आगे गुलर की तरफ पहाड़ से वर्षा में अचानक पत्थर गिरने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हों गई। लोहे के पैराफिट को तोड़ते हुए वाहन सीधे नदी में जा गिरा। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग डा. विशाखा अशोक भदाणे के अनुसार अभी तक रात्रि को वाहनों को छोड़ा जा रहा था। इस घटना के बाद रात्रि आठ बजे के पश्चात वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *