श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में होली के दिन हुए मारपीट की घटना के बाद आज स्थानीय लोगों, व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर कार्यालय व कोतवाली कीर्तिनगर का घेराव किया।
इस दौरान व्यापारियों ने दोषियों पर कार्यवाही करने की मांग उठाई। व्यापारियों का आरोप है कि होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के समीप कीर्तिनगर नैथाना के कुछ युवकों ने कीर्तिनगर के व्यापारियों के साथ अभद्रता की जिसके बाद कहासुनी मारपीट में बदल गया। इस दौरान एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, वहीं दो घायल हुए। मारपीट पर कार्यवाही की मांग को लेकर गुरुवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखा व एसडीएम कार्यालय पहुंचे।
यहां व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, नगर में सीसीटीवी कैमरों की नियमित संचालन, ओवर स्पीड समेत होली के दिन हुई मारपीट के दोषियों पर पुलिस कार्यवाही की मांग की। उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने मांगे पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
इसके बाद व्यापारी कोतवाली कीर्तिनगर पहुंचे। यहां व्यापारियों ने होली के दिन पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात न होने, अराजकता का माहौल बनने पर आक्रोश व्यक्त किया। साथ ही मामले में संलिप्त सभी दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर संजय मिश्रा ने बताया कि दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
