देहरादून। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (एचएनबीजीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित होने वाली विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (यूईटी) के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 28 मई 2026 (सायं 5 बजे तक) तक आवेदन कर सकेंगे।
पहले यह अंतिम तिथि 20 मई निर्धारित थी, लेकिन छात्रहित और अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को अवसर देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसमें विस्तार करने का निर्णय लिया है। तिथि बढ़ने से उन अभ्यर्थियों को राहत मिली है, जो किसी कारणवश अब तक आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे।
बड़ी संख्या में हर वर्ष आवेदन करते हैं छात्र-छात्राएं
यूईटी के माध्यम से विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों और संबद्ध महाविद्यालयों में बीएड, एमएड, बीपीएड, एमपीएड, विधि स्नातक, बी.लिब सहित विभिन्न स्नातकोत्तर डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आवेदन करते हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यह निर्णय सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद लिया गया है। प्रशासन ने कहा है कि आवेदन प्रक्रिया के अंतिम दिनों में होने वाली तकनीकी दिक्कतों और भीड़भाड़ से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।
अब अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नई समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि इसके बाद किसी भी प्रकार का अवसर उपलब्ध नहीं होगा।
