रुद्रपुर । जनपद ऊधम सिंह नगर में भीषण गर्मी और हीट वेव के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने आंगनबाड़ी केंद्रों तथा कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया है।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जारी आदेश में कहा है कि 20 मई से एक सप्ताह तक सभी विद्यालयों में केवल हाफ डे कक्षाएं संचालित होंगी।

11:30 बजे तक ही चलेंगे स्कूल
आदेश के मुताबिक आंगनबाड़ी केंद्र, प्री-नर्सरी कक्षाएं तथा कक्षा एक से 12 तक के स्कूल सुबह सात बजे से 11:30 बजे तक ही संचालित किए जाएगे। जिला प्रशासन ने यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।

मौसम विभाग ने मैदानी क्षेत्रों में तापमान में लगातार वृद्धि और हीट वेव की संभावना जताई है, जिससे डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और संस्थान प्रमुखों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *