अल्मोड़ा। मोहान रेंज के गोदी में गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। रानीखेत रामनगर स्टेट हाईवे से लगे सौराल क्षेत्र में गुलदार की बढती धमक और संभावित मानव वन्यजीव टकराव को टालने के लिए वन विभाग ने यहां गश्त तेज कर दी थी। साथ ही पिंजरा भी लगाया था।
सीटीआर से लगे मोहान रेंज का यह क्षेत्र है खासा अतिसंवेदनशील
कार्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) से लगा तल्ला सल्ट क्षेत्र बाघ और गुलदार के लिहाज से अतिसंवेदनशील है। बीते 31 दिसंबर को मोहान रेंज के खोल्यों वन पंचायत के जंगल में बाघिन ने 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मार डाला था। हालांकि रामनगर के भलौन में उसे कैद कर लिया गया था। इसके बाद शावकों के साथ पहुंची मादा गुलदार ने जीआईसी व प्राथमिक विद्यालय खोल्यों के आसपास डेरा जमा दिया था।
बंद रखा गया था स्कूल
एहतियातन एक दिन जीआईसी जबकि तीन दिन प्राथमिक विद्यालय बंद रखा गया। वन विभाग ने दिन रात गश्त कर और पटाखे छोड़ उसे दूर जंगल की ओर खदेड़ा। वहां कुछ राहत के बाद समीपवर्ती सौराल में गुलदार की दहशत बढ़ गई थी।
गांव वालों की मांग पर लगाया था पिंजरा
ग्रामीणों की मांग पर विभाग ने पिंजरा लगाया था, जिसमें बीती रात गुलदार कैद हो गया। वन क्षेत्राधिकारी गंगाशरण के अनुसार गुलदार को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए वन्यजीव चिकित्सालय अल्मोड़ा भेजा जाएगा। उसकी उम्र करीब तीन से चार वर्ष आंकी जा रही है।
