अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद में लगातार उठ रहे जन आंदोलनों और स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जनभावनाओं का सम्मान करते हुए जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों में नवसृजित मदिरा दुकानों को आगामी वित्तीय वर्ष से बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी के आदेश के तहत सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के दौलाघट स्थित विदेशी मदिरा दुकान, द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र के तिपोला एवं खेड़ा स्थित विदेशी मदिरा दुकानें तथा रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के पातली स्थित देशी शराब की दुकान को बंद किया जाएगा। इन दुकानों को लेकर लंबे समय से स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन और जन आंदोलनों का दौर जारी था, जिसमें महिलाओं और सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भूमिका निभाई थी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि इस निर्णय का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य क्षेत्र में सामाजिक संतुलन बनाए रखना और जनभावनाओं का सम्मान करना है।
